तुम मुझे पुकारो
कि अनायास ही
मेरे भीतर
बजने लगे
सदियों पुरानी बंसी की एक धुन।
तुम मुझे पुकारो
कि अनायास ही
मेरे भीतर
नाचने लगें
कई मौसम एक साथ
और झरने लगें
ढेर सारे मौलसिरी के फूल।
तुम मुझे पुकारो
कि अनायास ही
मेरे भीतर
फूट पड़े
कुएँ का एक अजस्त्र स्रोत
और निकल पड़े
एक बावली नदी
इठलाती हुई
अपने अनंत गंतव्य की ओर।
तुम मुझे पुकारो
कि अनायास ही
मेरे भीतर
दौड़ने लगें उनचासों पवन
और गूँज उठे
पवित्र आरती की एक मधुर झंकार।
तुम मुझे पुकारो
कि अनायास ही
मेरे भीतर
खिल उठें
बादलों के रंग-बिरंगे फूल
और पकने लगे कुछ
जाड़े की धूप में
पक रही फ़सलों की तरह।








