मेरे भीतर एक नदी है
जो अब बहती नहीं
सिर्फ़ रहती हैI
मेरे भीतर एक समंदर है
जो नदी से गहरा है
पर वक़्त का पहरा हैI
मेरे भीतर एक पहाड़ है
जिसकी गुफाओं में बैठा
बोधिसत्व रो रहा हैI
मेरे भीतर एक जंगल है
जो अब खिलखिलाकर
नहीं हँसता
वसंत के आगमन परI
मेरे भीतर एक शहर है
जो भूल गया है
गाँवों को
मोहब्बत से चूमनाI
शहर और जंगल से बहुत दूर
मेरे भीतर एक रेगिस्तान है
जहाँ तपिश में भी
उग आए हैं
उम्मीदों के नए-नए पौधे
बारिश के इंतज़ार में।








