लड़कियाँ अब इंतज़ार नहीं करतीं
दौड़ जाती हैं
गाँवों और क़स्बों में
ज़िला स्तर से लेकर
ओलंपिक तक की प्रतियोगिताओं में
रनिंग ट्रैक पर।
लड़कियाँ निकल पड़ती हैं...
घूमने के लिए
पार्कों और मैदानों में
बाज़ारों और जंगलों में
डाइविंग सूट पहनकर
समंदर की अतल गहराइयों में
हिमाच्छादित पर्वतों पर
क्लाइम्बिंग पैंट में।
लड़कियाँ अब इंतज़ार नहीं करतीं
विवाह के शुभ मुहूर्त का
वे जानती हैं...
पति परमेश्वर नहीं
गृहस्थी का एक पहिया है
जिसे पंक्चर होने पर
बदला जा सकता है।
आज की लड़कियाँ जानती हैं...
साइकिल पैरों से चलती है
परीक्षाएँ पढ़कर पास की जाती हैं
त्योहार एवं पर्व एक उत्सव है
घूँघट से दिखने वाले बाइस्कोप का
संचालक कौन है?
और
चेहरा छुपाने की चीज़ नहीं
व्यक्ति की पहचान है
जिसे आधार कार्ड पर होना ज़रूरी है।
लड़कियाँ अब जानती हैं...
किरण बेदी कौन है?
सानिया मिर्ज़ा कौन है?
झाँसी की रानी कौन थी?
कल्पना चावला कौन थी?
यह भी कि
फूलन देवी कौन थी?
अब लड़कियाँ पहचानने लगी हैं...
टेलीविज़न पर डिबेट करने वाला व्यक्ति
किस पार्टी का है?
ये लड़कियाँ अब रुकने वाली नहीं हैं
शब्दों से बात करने लगी हैं
उनसे उनका परिचय पूछती हैं
फिर एक-एक कर सजाती हैं
जिससे वाक्य बन जाता है
एक लंबा वाक्य,
जिसका दूसरा छोर
ले जाता है उन्हें
अतीत में...
इतिहास से भी पीछे।
फिर लौट आती हैं
वर्तमान में
पहले से ज़्यादा सशक्त और स्थितप्रज्ञ होकर
और उड़ जाती हैं
उन्मुक्त गगन में
पहले छोर को पकड़कर।








