क्या हर बार की भाँति
इस बार भी
मेरा शब्द 'प्यार'
हवा में घुल जाएगा?
या फिर
गूँज उठेगा उद्घोष की तरह
प्यार
प्यार
प्यार...
क्या हर बार की भाँति
इस बार भी
उछाला गया
चुंबन का एक टुकड़ा
ले लेगा रोटी की शक्ल?
या फिर
चिपक जाएगा
चौराहे की दीवारों पर
इश्तहार की तरह।
क्या हर बार की भाँति
इस बार भी
मेरा मौसम
धुल जाएगा?
बारिश की बौछारों से
और फिर
सोख लेगी
खिलखिलाती धूप
बची हुई नमी को।
क्या हर बार की भाँति
इस बार भी
इंतज़ार में बैठा मंटू
लौट आएगा?
उसी गुलाब के साथ
जिसे लेकर गया था
और रख देगा
दिल की किताब में
ख़त की तरह
और फिर
वर्षों… बाद
जब मुस्कुरा देगा वह
अपने आप पर
उन पंखुड़ियों के निशान देख
तब उसके भीतर...
अनायास ही बजने लगेगी
एक लोक गीत की धुन
झरने लगेगा…
पत्थरों से पानी
और खिल उठेगा चेहरा
उस गुलाब की तरह
जिसे ख़रीदा करता था वह
जुम्मन चाचा की दुकान से।








