कृष्ण! सच-सच बतलाना
तुमने तो कहा था...
आत्मा अजर और अमर है
जिसे...
न हवा उड़ा सकती है
न अग्नि जला सकती है
न पानी बहा सकता है
न शस्त्र भेद सकता है
पर न जाने क्यों?
मुझे तुम्हारी बातों पर विश्वास नहीं होता।
कृष्ण! सच-सच बतलाना
तुम जानते थे न?
दु:शासन की आत्मा मर चुकी है
दुर्योधन की आत्मा मर चुकी है
सिर्फ़ शरीर ज़िंदा है।
नहीं कृष्ण, नहीं
मैं नहीं मानता
तुम सब जानते थे
तुम जानते थे कि
गंगा-पुत्र भीष्म एक ऐसी आत्मा को ढो रहे थे
जो क्षत-विक्षत, घायल और जर्जर थी।
कृष्ण! क्या यह सच नहीं?
कि शरीर का मरना
उतना ख़तरनाक नहीं होता
जितना आत्मा का मर जाना
एक ज़िंदा शरीर में
जो देखती रहती है
बंद आँखों से
भरे दरबार में
द्रौपदी का चीरहरण।
कृष्ण... कितना अच्छा होता!
कोटि-कोटि लोगों के अपमान की आँधी
उसे उड़ा ले जाती
किसी अनजाने ग्रह पर।
कृष्ण... कितना अच्छा होता!
कोटि-कोटि लोगों के पेट की ज्वाला
भस्म कर देती
उसके जीवाश्म तक को।
कृष्ण... कितना अच्छा होता!
कोटि-कोटि लोगों के आँसुओं का सैलाब
उसे बहा ले जाता
कहीं दूर...
न लौट आने वाली लाशों की तरह।
कृष्ण... कितना अच्छा होता!
कोटि-कोटि लोगों के अहिंसा रूपी अस्त्र
उसे छेद देता
ओजोन मंडल के
कभी न भरने वाले
घाव की तरह।
काश!... कितना अच्छा होता
जब कोई चंडिका
रक्तपान कर
रोक लेती उसे
रक्तबीज बनने से।








