बहुत बुरे हैं मर गए लोग

चंडीदत्त शुक्लचंडीदत्त शुक्ल

1 min read · 12.4K reads

जब वे सब मर जाएँगे

तो हमारी प्रतीक्षा करेंगी लाशें

जल जाने से पहले आवाज़ देंगी :

आओ, तुमने ख़ुद को तो राख कर दिया

अब आख़िरी बार निष्प्राण हमसे मिल लो।

हम भागते हैं

मर गए पिता की निश्चल देह पर

दो बूँद आँसू गिराने,

लौट जाते हैं दिन पंद्रह के बाद

ख़ुद को लाश में बदलने के लिए।

बड़े शहर मृत्यु के खाते में

और अधिक कैज़ुअल लीव नहीं देते।

बहुत बुरे हैं मर गए लोग देखो तो

उठकर सीने से भी नहीं लगा रहे

ना रोकते हैं, ना कुछ कहते हैं,

ना ताना देते हैं—

वहाँ हापुस मिल जाएगा बाप नहीं मिलते।

चलो, एक बड़ा शहर हमें

छोटी-छोटी ख़ुदकुशियों के लिए बुला रहा है...

वहाँ से फिर लौटना नहीं होगा,

रास्ते बड़े हैं

भूख और बड़ी।

चंडीदत्त शुक्ल
About the poet

चंडीदत्त शुक्ल

सुपरिचित कवि-लेखक और पत्रकार।

View profile & all 4 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like