सब हो गए बेवफ़ा

चंडीदत्त शुक्लचंडीदत्त शुक्ल

1 min read · 12.4K reads

आज ग़ायब है गंध किवाम से

चूना भी नहीं काटता जीभ

देखो… सब हो गए बेवफ़ा-बेअसर

तुम भी तो सी-सी करती

नहीं काटती अपने ही दाँतों से अपनी जीभ

ना ही पोंछ देती हो

कथियाई उँगलियों को रूमाल समझकर

मेरी शर्ट की बाँह से

उफनाता नहीं है कल्पना में कोई झरना

सूखते सब स्रोत

तुमने भी तो छोड़ दिया रियाज़ करने से पहले

गला तर करके कुल्ली करना

और कहीं रुक गई है बयार

अब तुम ही कहाँ भरती हो

संसार की दशा पर `उफ़’ कहती हुई नि:श्वास

नहीं हो तुम

तो रुकी है

पूरी पृथ्वी

तुम हँस दो अब खिलखिलाकर

ताकि खिल जाएँ सब फूल

और लौट आए जीवन भरपूर—भरा-पूरा!

चंडीदत्त शुक्ल
About the poet

चंडीदत्त शुक्ल

सुपरिचित कवि-लेखक और पत्रकार।

View profile & all 4 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like