सरसों के फूल

चंदन यादवचंदन यादव

1 min read · 12.4K reads

आते हुए फूल लाओगे न?

कौन-सा फूल लाऊँ!

अनंता, मधु कामिनी या कनेर...

नहीं, ये सब तो सफ़ेद होते है,

कहीं कोई युद्ध थोड़ी न उमड़ रहा

जो शांत होगा

फिर?

गुड़हल, ग्लेडियोलस या गुलाब!

शश्श! प्रेम का रंग लाल होता है

तो फिर क्रांति का रंग क्या है? बताओ

कॉमरेड! ये प्रेम और क्रांति एक दूसरे के पूरक हैं,

और जैसे बाबा विद्रोही कहते हैं न कि

ये क्रांति और प्रेम महज़ तुम्हें देखने भर से हो जाते हैं।

तो अब तुम्हीं बताओ क्या लाऊँ!

खेत-खलिहान या आसमान!

खग, नभ या संपूर्ण विहग!

प्रिय! हाँ इन सभी को ले आओ

सरसों के फूल ले आओ प्रिय।

चंदन यादव
About the poet

चंदन यादव

नई पीढ़ी के कवि-लेखक।

View profile & all 19 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like