खो गया है जो उस को खोने दो
फिर नया ख़्वाब मुझ को बोने दो
बस्तियों को उजाड़ने वालो
अब मदारी का खेल होने दो
ख़्वाहिशों ख़्वाब देखना छोड़ो
नींद आई है मुझ को सोने दो
रौशनाई न ख़त्म हो जाए
काग़ज़ों को सियाह होने दो
हर घड़ी ये ख़याल आता है
ज़िंदगी के हैं सिर्फ़ कोने दो
झूट बुनियाद ही नहीं रखता
रू-ब-रू सच से सब को होने दो
आँसुओं से धुली ज़मीनों पर
अब ज़रा धूप को भी रोने दो
चाँद क्यों जागता है साथ मिरे
रात के बज रहे हैं पौने दो








