मरा हुआ आदमी - बृजेश नीरज

बृजेश नीरजबृजेश नीरज19 Sept 1966

5 min read · 12.4K reads

इस तन्त्र की सारी मक्कारियाँ
समझता है आदमी
आदमी देख और समझ रहा है
जिस तरह होती है सौदेबाज़ी
भूख और रोटी की
जैसे रचे जाते हैं
धर्म और जाति के प्रपंच
गढ़े जाते हैं
शब्दों के फ़रेब

लेकिन व्यवस्था के सारे छल-प्रपंचों के बीच
रोटी की जद्दोजहद में
आदमी को मौक़ा ही नहीं मिलता
कुछ सोचने और बोलने का
और इसी रस्साकसी में
एक दिन मर जाता है आदमी

साहेब!
असल में आदमी मरता नहीं है
मार दिया जाता है
वादों और नारों के बोझ तले

लोकतान्त्रिक शान्तिकाल में
यह एक साज़िश है
तन्त्र की अपने लोक के ख़िलाफ़
उसे ख़ामोश रखने के लिए

कब कौन आदमी ज़िन्दा रह पाया है
किसी युद्धग्रस्त शान्त देश में
जहाँ रोज़ गढ़े जाते हैं
हथियारों की तरह नारे
आदमी के लिए
आदमी के विरुद्ध

लेकिन हर मरे हुए आदमी के भीतर
सुलग रही है एक चिता
जो धीरे-धीरे आँच पकड़ेगी

धीरे-धीरे हवा तेज़ हो रही है
बृजेश नीरज
About the poet

बृजेश नीरज

View profile & all 15 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like