इन दिनों वह-2 - ब्रजेश कृष्ण

ब्रजेश कृष्णब्रजेश कृष्ण

3 min read · 12.4K reads

उसने दहलीज पर बनाई है अल्पना
ड्वार पर टाँगा है बन्दनवार
उसने बहुत मन से सजाया है पालना
और छोटे से तकिए पर काढ़े हैं
गुलदाउदी के फूल

सात समुद्र पार अनजानी धरती पर
ख़ुश है वह कि पाने को है
जीवन की अर्थवत्ता

देवताओं को आगाह कर वह उठी है अभी
वह बिछा रही है तारों-नक्षत्रों और
रात के सुनहरे उजास से बना बूटेदार क़ालीन
आने वाले शिशु के लिए

प्रतीक्षारत है वह
वह आतुर हो रही है
वह हँस रही है
वह गा रही है
वह चकित हो रही है
वह बीज से वृक्ष हो रही है।
ब्रजेश कृष्ण
About the poet

ब्रजेश कृष्ण

View profile & all 32 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like