हत्या: एक कला - ब्रजेश कृष्ण

ब्रजेश कृष्णब्रजेश कृष्ण

4 min read · 12.4K reads

बाज़ार के इस दौर में
हत्या भी एक कला है
उन्हें न दस्ताने चाहिए
न हथियार न मुखौटे न रात का अँधेरा
वे सिर्फ एक जाल फेंकते हैं अदृश्य
लुभावने दृश्य का
और हम उनकी गिरफ़्त में होते हैं लगातार

बाज़ार के इस दौर में
पहले होती है विचार की हत्या
फिर संवाद मारा जाता है
फिर मारे जाते हैं रिश्ते और हम
हमेंपता ही नहीं चलता
कि कब चौराहों की
आदमक़द मूर्तियों के सिर काट डाले गये
और कब हम पूजने लगे
हत्यारों के बुतों को

बाज़ार के इस दौर में
हममें से कोई नहीं देखता हत्या
और कभी नहीं पकड़ा जाता हत्यारा
क्योंकि हत्या एक कला है
बाज़ार के इस दौर में।
ब्रजेश कृष्ण
About the poet

ब्रजेश कृष्ण

View profile & all 32 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like