पता नहीं कौन-सी नदी में डूबकर आई है हवा
रात तक सूखते ही नहीं उसके कपड़े
पता नहीं कौन-सा दृश्य निहार रहे हैं बादल
आँसुओं के गिरने पर भी नहीं होती बंद उनकी पलकें
पता नहीं कौन-सी ख़ुशी में सराबोर है धरती
सुनती ही नहीं सूरज की दस्तक
पता नहीं कौन से उन्माद में चली जा रही हैं नदियाँ
अपने ही किनारों को डुबोते हुए उन्हें कोई दुख नहीं








