तिब्बती,
कहाँ के धागे से बुनते हैं झोला-झंडा
सारनाथ में!
उस झंडे पर उकेरते हैं
अपना राष्ट्रध्वज,
कहाँ की धातु से बनाते हैं घंटी,
गुँजाते हैं... उससे स्वर...
किस जंगल की लकड़ी से बनाते हैं ढपली
किसके चमड़े से उसे मढ़ते हैं, किस ताल में
बजाते हैं।
कौन-सा गीत गाते हैं तिब्बती
सारनाथ में,
किस भाषा में,
किस आशा में अब भी कह पाते हैं
तिब्बत... ज़िंदाबाद... तिब्बत...!
कल की बात है
तीन लोगों को सज़ा मिली,
तिब्बत के झंडे का चित्र उतारने की सज़ा,
उसे छापने की सज़ा
बारह वर्ष की क़ैद
तीन बौद्ध भिक्षुओं को...।
तीनों... जिनके नाम
गेडुन थोगफेल, चोदार दार्गी और
जम्पा चोफेल हो सकते हैं।
इन तीनों को क्या पड़ी थी... झंडे की...
क्या तीनों नहीं रह सकते थें,
बिना राष्ट्रध्वज के... तिब्बत में... या
चीन में या भारत में... सारनाथ में या
अपने मठ काकहोग के खांगमार मठ में
गाबा पहाड़ी की चोटियों में... चुपचाप...
क्या बिना राष्ट्रध्वज के इन तीनों को
नींद नहीं आती थी...!
ये तीनों पकड़े गए...
इन तीनों को सज़ा मिली... प्रतिबंधित
झंडे का चित्र उतारने की... सज़ा...।
उसी खांगमार मठ में
रहे होंगे और भिक्षु, जो
अख़बारी काग़ज़ों पर...
धरती पर... गल रही बर्फ़ पर...
राख पर... पुराने ग्रंथों पर, प्रार्थनाओं में
स्याही से, बिना धागों के,
वृक्षों की पीठ पर,
हवा में, ख़यालों में, बुनते होंगे,
कहते होंगे, तिब्बती ध्वज
उनका क्या किया जाएगा...?
किस-किस तिब्बती को मिलेगी यह सज़ा
किस-किस तिब्बती को रोका जाएगा...
उनका राष्ट्रध्वज उकेरने से... और
भिक्षुओं की बात छोड़ो,
किसान भी तो होंगे, जो
खेलों में, फ़सलों में पालते होंगे
तिब्बती झंडा...।
किसानों की बात छोड़ो,
मछुआरे भी तो होंगे... जो
जल में, ताल में... लहरों पर...
मछलियों में, जाल में
बनाते होंगे
तिब्बती राष्ट्रध्वज...
उनका क्या करोगे...?
जंपा चोफेल के
दे सकते हो क़ैद... दे सकते हो सज़ा
गेडुन थोगफेल को...
बंद कर सकते हो चोदार दार्गी को...
जेल में... कोठरी में... पर
भिक्षु गियातसो...
भिझु ओजेर... ये भी
खड़े हुए अपने दलाई लामा की फ़ोटो
छाती से चिपकाए...।
सज़ा देने की गुहार लगाते हुए...
अपने बचाव में
इन सबने नहीं किया है
किसी भी आरोप से इनकार...
अब क्या किया जाएगा इनका...!
बताओ...क्या करोगे...
वे रह लेंगे तिब्बत में चुप...
वे वीझिंग में नहीं बोलेंगे...
वे शिशोन प्रांत में साध लेंगे मौन...
पर सारनाथ में तो
बनाएँगे तिब्बती राष्ट्रध्वज,
गाएँगे तिब्बती राष्ट्रगान,
जयकार करेंगे लामा की,
नारा लगाएँगे... तिब्बत... ज़िंदाबाद का
जबकि झंडे का धागा तक नहीं है
तिब्बत का...
जबकि घंटी की धातु तक नहीं है
तिब्बत की...
जबकि ढपली की लकड़ी तक नहीं है
तिब्बत की...
ढपली का चमड़ा तक नहीं है तिब्बत का...
पर...
वे जहाँ भी थाप देते हैं
निकलता है एक ही स्वर
तिब्बत... तिब्बत...
ढपली, घंटी तो दूर... वे
पक्षियों के कलरव और...
पत्तों की हिलमिल में
सुन लेते तिब्बत को...।
अब क्या करोगे... बाप...
वे मानने को तैयार नहीं
कि तिब्बत नहीं है देश
इसीलिए वे गाते हैं तिब्बत में
तिब्बत... तिब्बत मन ही मन,
और सारनाथ में ललकार कर...
कभी देखते हैं धमेख स्तूप को
जैसे तिब्बत हो वह... हताशा में
पूछो कौन हो?
बताते हैं लजा कर...
तिब्बती हूँ
पता नहीं किस आशा में!








