हर गाम ज़िंदगी में 'अजब सानेहे हुए
अपने पराए जाँचने के तज्रबे हुए
इक डाइरी पुरानी मिरे हाथ क्या लगी
यादों के ज़र्द पेड़ यकायक हरे हुए
ऐ दिल सँभाल ज़ब्त कि पुश्ते लरज़ उठे
अंखों से बह न जाएँ ये दरिया रुके हुए
आँखों में देख शहर-ए-ख़मोशाँ का सा सुकूत
पलकों पे देख ग़म के फ़साने लिखे हुए
'बिल्क़ीस' इक चराग़ सर-ए-राह क्या रखा
बस्ती के हर मकान ही में तब्सिरे हुए








