एक नज़्म बेटे के लिए - नज़्म

बिलक़ीस ज़फ़ीरुल हसनबिलक़ीस ज़फ़ीरुल हसन1 Sept 1938

1 min read · 12.4K reads

तुम्हें याद है

मेरी आँखों पर कस कर बाँधा गया

वो अपना रूमाल

फूलों में दरख़्तों के झुण्ड के दरमियाँ

स्टोर रूम में खम्बों के पीछे

कभी पलंग के नीचे

छुपते फिरते थे तुम

मैं कहाँ हूँ मुझे ढूँडो

मेरे आगे पीछे दौड़ती भागती तुम्हारी आवाज़ें

मुझे छू छू कर दूर हो जाती थीं

मैं अपना हाथ फैलाए ढूँड ढूँड कर

तुम्हें पा ही लेती थी

ये हमारा मन पसंद खेल था

न जाने कब कैसे और कहाँ खेल ही खेल में

या तुम्हारे दौड़ते भागते क़दमों के ग़ुबार में

तुम कहीं खो गए

और मेरे गले में अटकी रह गई

बस एक धूल

खाँस खाँस कर साफ़ करती हूँ

निकलती ही नहीं

अटा पड़ा है मेरा चेहरा गर्द से

आइना देखूँ तो समझ में नहीं आता किसे देख रही हूँ

अपनी आँखों पर बँधा रूमाल

मैं ने अपने ही हाथों खोला था

और एहतियात से बॉक्स में रख दिया था

मैं कहाँ हूँ मुझे ढूँड लो वाला खेल

खेलने वाला कोई था ही नहीं

मगर आज मेरी गोद में तुम्हारा बच्चा

मुझ से माँग रहा है वही रूमाल

आज निकालूँगी उसे धो साफ़ कर के

अपने सीने की ख़ुशबू से बसाऊँगी

कि फिर शुरूअ' करना है मुझे वही मन पसंद खेल

और इस बार मैं खो जाऊँगी

बिलक़ीस ज़फ़ीरुल हसन
About the poet

बिलक़ीस ज़फ़ीरुल हसन

उपनाम : 'बिलक़ीस' मूल नाम : बिलक़ीस ज़फ़ीरुल हसन जन्म : 01 Sep 1938 | पटना, बिहार

View profile & all 33 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like