ज़िंदा होना और न जीना तुम ही कहो क्या मुमकिन है

बिलक़ीस ज़फ़ीरुल हसनबिलक़ीस ज़फ़ीरुल हसन1 Sept 1938

1 min read · 12.4K reads

ज़िंदा होना और न जीना तुम ही कहो क्या मुमकिन है

ख़ुद को कर देना अन-देखा तुम ही कहो क्या मुमकिन है

आस की लौ आँखों में जलाए लड़ती जाऊँ अँधेरों से

रात है रात का हो न सवेरा तुम ही कहो क्या मुमकिन है

तेज़ हवा का इक झोंका शो'लों में बदल के रख देगा

चिंगारी को दबाए रखना तुम ही कहो क्या मुमकिन है

झूट के पाँव नहीं होते इक रोज़ तो पकड़ जाएगा

सच के हाथ कभी नहीं आना तुम ही कहो क्या मुमकिन है

किस किस को चुप कोई करे हैं जितने मुँह हैं उतनी बातें

आग लगे और धुआँ न उठना तुम ही कहो क्या मुमकिन है

मुमकिन है खुल कर न कहा हो उस से मैं ने मगर 'बिल्क़ीस'

उस जैसे का कुछ न समझना तुम ही कहो क्या मुमकिन है

बिलक़ीस ज़फ़ीरुल हसन
About the poet

बिलक़ीस ज़फ़ीरुल हसन

उपनाम : 'बिलक़ीस' मूल नाम : बिलक़ीस ज़फ़ीरुल हसन जन्म : 01 Sep 1938 | पटना, बिहार

View profile & all 33 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like