हवा तेज़ बह रही है
और संग्रह जो मैं
मुरत्तिब करना चाह रहा हूँ
उड़ा रहा है उसके पन्ने
एक बूढ़ा आदमी
चल रहा है सड़क पर
बदल रहा है उसका रंग
बत्ती के मटमैले उजाले ने
और कुत्ते उस पर भौंक रहे हैं
छाया लैंपपोस्ट की
साधिकार
आकर पड़ी है
संग्रह के खुले पन्ने पर
हवा और कुत्ते और बूढ़ा आदमी
बत्ती और लैंपपोस्ट
सब
मानो मेरे संग्रह के ख़िलाफ़ हैं
जी नहीं होता
इस सबके बीच
लिखते रहने का
कुत्तों को भगाऊँ जाऊँ
बूढ़े आदमी को
भीतर बुलाऊँ!








