मूल और ब्याज - भावना मिश्र

भावना मिश्रभावना मिश्र27 Sept 1982

5 min read · 12.4K reads

सुन्दर लगती है रसोई में भात पकाती औरत
आँगन में कपड़े धोती
ओसारे पर झाड़ू देती
बच्चों की बहती नाक आँचल से पोछती
ऐसी औरत की छवि पर हम मुग्ध होते हैं बार-बार

रोटियों की गोलाई साधती
जो स्वयं घूमती है किसी अदृश्य अक्ष पर
पसीने की बूँदें फैला देती हैं जब उसके माथे का सिन्दूर
तो वह तस्वीर बनकर छपती है कितनी ही घरेलू पत्रिकाओं के मुखपृष्ठ पर

उसके आँचल में बसा हल्दी का रंग
उसकी उँगलियों के पोरों से रिसती मसालों की गन्ध
ये उतने ही ज़रूरी शृंगार हैं जैसे टिकुली, बिछिया और नाक की लौंग

और अन्तिम लेकिन औरत होने को अनिवार्य,
एक जोड़ी झुकी हुई आँखें
भारतीयता की छवि से लथपथ यह औरत
सपने भी देखती है तो छिपकर

कि इसने गिरवी रखे हैं अपने पंख
और बदले में पाई है
घर की सुख-शान्ति

पसीने की बूँदें जो बहती हैं एक भोर से
दिन के अवसान तक
इनसे मूल अदा नहीं होता
ये तो हैं सिर्फ़ ब्याज
भावना मिश्र
About the poet

भावना मिश्र

View profile & all 19 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like