अनुबन्ध - भावना मिश्र

भावना मिश्रभावना मिश्र27 Sept 1982

5 min read · 12.4K reads

तुम कहते हो
तुम मुझे स्वर्ग दोगे
इस कहने के पीछे
एक अनकहा अनुबन्ध है

कि मैं स्वीकार कर लूँ तुम्हें
इस स्वर्ग का निर्विवाद ईश्वर
तुम मुझे सुरक्षा देने की बात करते हो
और फिर से थमा देते हो मेरे हाथों में
एक मौन अनुबन्ध का लिफ़ाफ़ा
जो सुरक्षा के बदले माँगता है
पूर्ण समर्पण

आज तुम हर मंच पर चढ़कर
चीख़ रहे हो मेरी स्वतन्त्रता के हक में
और तुम्हारी इस चीख़ के पृष्ठ में
मैं सुन रही हूँ एक और अनुबन्ध की अनुगूँज
कि मुझे आजीवन रहना होगा
शतरंज का इक मोहरा

तुम्हारी अदम्य इच्छा है कि
तुम मुझे अपने बराबर का दर्जा दो
और मैं अन्तिम किवाड़ की टेक लिए खड़ी
सूँघ रही हूँ फिर एक घातक अनुबन्ध,
तुम्हारे बराबर आने के लिए
मुझे छोड़नी होगी
अपनी तिर्यक रेखा की प्रवृत्ति
जो काटती है तुम्हारे रास्ते

अपनी कुटिलता की कैंची से
मेरे पंख कतरने वाले
तुम्हारे इन अनुबन्धों को
नकारती हूँ मैं
मेरे पंख सलामत रहे तो
मैं ख़ुद तलाश लूँगी अपना आकाश
भावना मिश्र
About the poet

भावना मिश्र

View profile & all 19 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like