सुहाग का हर काम सात बार - भावना मिश्र

भावना मिश्रभावना मिश्र27 Sept 1982

6 min read · 12.4K reads

कितने बरसों से हर बरस
जेठ की अमावस को
कच्चे सूत में लगाकर
प्रेम की हल्दी
बाँध आती हूँ बरगद पर
कितने फेरे लेती हूँ बरगद के
कुछ नहीं रहता याद

गर फ़ोन पर दोहराई कोई गिनती
ज़ेहन में आ गई, तो भली
नहीं तो आठ बरस पहले वाली
वही गिनती
जो माँ ने कराई थी याद
तमाम नसीहतों के साथ,
 
कि.. सुहाग का हर काम सात बार.
गौर को सुहाग देना पाँच बार
और लेना सात बार

जब सुहाग लो तो सिन्दरौटे से लगा हो आँचल
माँग भरी हो आख़िरी छोर तक
और कलाई भर हों चौबन्दी चूड़ियाँ

सारे सलीके कहे पर ये न कहा माँ ने
कि आँचल के कोर में बँधी इच्छाओं
को कब कह डालना है मूक बरगद से
जो झुका जाता है सुहागिनों की
मनौतियों से,

पति की लम्बी उम्र,
बेहतर नौकरी, सुख समृद्धि
बाल-बच्चे, सात जन्मों का साथ
...... और अपने लिए?

अपने लिए कुछ नहीं, बस उस कोर में
फिर बाँध लाती हैं दो चार नयी इच्छाएँ
घर आती हैं और सहेज के रख देती हैं
आँचल की कोर से निकला सामान
अलमारी के लॉकर में
अगले जेठ की प्रतीक्षा को....
भावना मिश्र
About the poet

भावना मिश्र

View profile & all 19 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like