मुक्त - भास्कर चौधुरी

भास्कर चौधुरीभास्कर चौधुरी27 Sept 1969

5 min read · 12.4K reads

हम छींकते हैं
पूरा ज़ोर लगाकर
 
ठठाकर हँसते हैं
रोते हैं
बच्चों की तरह
छुपकर कहीं
औरों की नज़रों से दूर
 
ठोकर खा जाते हैं
बिस्तर से उतरते हुए
या दरवाजे की चौखट पर
जो थोड़ा उठा हुआ है
जिसे हम रोजाना पार करते हैं
दसियों बार
 
हम रसोई घर में माँजते वक्त
बर्तनों को
ज़रा ज़ोर से पटक देते हैं
बास को दे देते हैं
एक ज़ोरदार गाली
ताकते हुए आजू-बाजू
सन्नाटे को मह्सूस करते हुए
 
हम तोड़ देते हैं मकड़ी के जाले को
जो घर के किसी कोने में अ‍पनी जाल बुन रही होती है
घर के किसी भी सदस्य को कोई तकलीफ दिए बिना
झाड़ू से दबाकर मार डालते हैं मकड़ी
काक्रोच को चप्पल से कुचल देते हैं
जबकि वह बेआवाज
हमसे दूर चले जाने की कोशिश कर रहा होता है पुरज़ोर
और छुछुंदर की मासूमियत को नज़रअंदाज़ कर
दूर से फेंकते हैं एक चप्पल
 
हम ऐसा करते हैं तो
दरअसल मुक्त हो रहे होते हैं
झूठ धोखा और फरेब से
डर दब्बूपन और
अनगिनत नकाबों से
भास्कर चौधुरी
About the poet

भास्कर चौधुरी

View profile & all 105 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like