बैलगाड़ी - भारतेन्दु मिश्र

भारतेन्दु मिश्रभारतेन्दु मिश्र5 Sept 1959

3 min read · 12.4K reads

यह समय की बैलगाड़ी
सो रहा है मस्त गाड़ीवान
पीकर आज ताड़ी ।
 
राह के अभ्यस्त
दोनों बैल आगे बढ़ रहे हैं
वृक्ष पर बैठे परिन्दे
ग़र्म ख़बरें पढ़ रहे हैं

रात भर जलकर बुझी है
लालटेन टँगी पिछाड़ी ।

कौन जाने किस दिशा में
जा रहे हैं इस तरह हम
जिधर दिखता हरा चारा
उधर मुड़ता प्रगति का क्रम

बज रही हैं घंटियाँ भी
कंठ मे बाँधी अगाड़ी ।
 
देखते सुनते समझते
कह नहीं पाते मगर कुछ
सह रहे हैं एक दिग्भ्रम
भूख प्यास थकान सब कुछ

इस समय का गीत गाता
एक चरवाहा अनाड़ी।
भारतेन्दु मिश्र
About the poet

भारतेन्दु मिश्र

View profile & all 38 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like