बिदा वेला

भारतभूषण अग्रवालभारतभूषण अग्रवाल

1 min read · 12.4K reads

पाया सनेह, पा सकीं न पर तुम अभी बिदा-रीति का ज्ञान

पगली! बिछोह की वेला में बिन माँगे ही प्रीति का दान।

दो मुझे। कहो इस अंतिम पल में एक बार ‘प्रियतम' धीमे

पूछो : ‘कब लौटोगे, वसंत में? वर्षा में? शारद-श्री में?

शीत की शर्वरी में?’ सरले! मत रह जाओ नतमुख उदास

लाज से दबी। कल जब यह पल होगा अतीत, तब अनायास

मुखरित होगी यह नीरवता, बन व्यथा, वियोगी प्राणों में

तब तुम सोचोगी बार-बार : ‘क्यों आँसू में, मुस्कानों में

दु:ख-सुख की उस अद्वितीय घड़ी को किया न मैं ने अमर?' प्रिये!

यह कसक तुम्हें कलपाएगी : ‘क्यों मैं ने प्रिय को अश्रुपिए

नयनों से नहला दिया न, संचित किया न क्यों कुछ आश्वासन

इस विरह-काल के लिए हाय! भर आलिंगन, पा कर चुंबन!'

भारतभूषण अग्रवाल
About the poet

भारतभूषण अग्रवाल

अज्ञेय द्वारा संपादित ‘तार सप्तक’ के कवि। जन्म : 02/08/1919 | मथुरा, उत्तर प्रदेश निधन : 23/06/1975 | शिमला, हिमाचल प्रदेश ‘तार सप्तक’ के कवि भारतभूषण अग्रवाल का जन्म 3 अगस्त, 1919 को तुलसी-जयंती के दिन उत्तर प्रदेश के मथुरा ज़िले के सतघड़ा मोहल्ले में हुआ। उन…

View profile & all 16 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like