एक उठा हुआ हाथ

भारतभूषण अग्रवालभारतभूषण अग्रवाल

1 min read · 12.4K reads

 

 

मुक्तिबोध के प्रति

नाव तो हममें से किसी के पास न थी
और सभी पार जाना चाहते थे
तैरकर।
हक्के-बक्के-से हम सब उथले पानी में 
जल-क्रीड़ा करते थे
छींटे उड़ाते थे
और भीतर की खीझ को चुनौती बनाकर कहते थे
‘बोलो,
है कोई माई का लाल
जो इस आँधी-तूफ़ान में निकल जाए?’

कुछ की आँखें पीछे के स्फटिक-पुलिन पर टिकी थीं
जहाँ चंदन-नौकाएँ हाथियों-सी झूम रही थीं
और कुछ चाहते थे
कि पहले संवाददाता और फ़ोटोग्राफ़र आ लें—

तभी पानी में लीक बनी
और हमने विस्मय से देखाः
तुम मझधार में पहुँच गए हो
जहाँ लहरें फुंकार रही थीं
और भँवर मुँह फाड़ रहे थे
हमने घबराकर तार-स्वर में तुम्हें पुकारा
पर तूफ़ान के शोर में हमारी पुकार डूब गई
और तुम लहरों से जूझते
लहरों में समा गए!

तूफ़ान अब थम गया है।
हम अब भी उथले जल में किलोलें कर रहे हैं
क्योंकि न नाव है न फ़ोटोग्राफ़र
पर मुझे अब भी दीख रहा है
वहाँ दूर, मझधार में लहरों के ऊपर उठा हुआ
पताका-सा तुम्हारा हाथ
तुम्हारी जल-समाधि का निशान!

भारतभूषण अग्रवाल
About the poet

भारतभूषण अग्रवाल

अज्ञेय द्वारा संपादित ‘तार सप्तक’ के कवि। जन्म : 02/08/1919 | मथुरा, उत्तर प्रदेश निधन : 23/06/1975 | शिमला, हिमाचल प्रदेश ‘तार सप्तक’ के कवि भारतभूषण अग्रवाल का जन्म 3 अगस्त, 1919 को तुलसी-जयंती के दिन उत्तर प्रदेश के मथुरा ज़िले के सतघड़ा मोहल्ले में हुआ। उन…

View profile & all 16 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like