रचना है निरन्तर - भारत यायावर

भारत यायावरभारत यायावर29 Sept 1954

10 min read · 12.4K reads

रचना ही रहना है
गढ़ना ही बचना है
अपने होने को दिखाना
मौन को प्रकट करना
भाव को शब्द देना
विचार को चलना सिखाना
एक अरूप को रूप में बदलना

उदासी के क्षणों में भी हँसना
प्रेम के अमूर्त वैभव को भाषा का आवरण देना
घृणा की लपट को प्रकट करना
चलते हुए
चलाते हुए
बढ़ते हुए
बढ़ाते हुए
अपने भीतर की गर्मी को बचाते हुए
सोचते हुए
विचारते हुए
खोजते हुए
खो जाते हुए
गुज़रते समय के साथ गुज़रते हुए
रचना का मर्म रचाते हुए
रचना ही रचना है
रचना ही बसना है
रचना ही बचना है
सुन्दर को और सुन्दर करना
अभाव को भरना निरन्तर
नफ़रत की दुनिया में सद्भाव रचना
लोगों के बीच के अलगाव को मिटा देना
गिरे-पड़े लोगों का सहारा बनना
रोते हुओं को हँसा देना
धुआँ-धुआँ है माहौल
एक हल्की हवा का झोंका बन उड़ा देना
वातावरण में सुगन्ध भरना
किसी के हाथों को थामे रखना
अपने भोलेपन को बचाए रखना
भाव-आकुल अन्तस को जगाए रखना

रचना है निरन्तर
अपने-आप को गढ़ते रहना
किसी चेहरे को
अपने मन में समाए रखना
कि मेरे दिल में देखो
ये देखने की चीज़ है
कि देखो
और हर शख़्स को पढ़ो
कि देखो
और कुछ न कुछ कहो
कि कहना ही रचना है
कि रचना ही सँवरना है

प्रकृति और जीवन
अन्त और अनन्त का प्रदर्शन
साकार और निराकार
चेतना का उर्ध्व गमन
रचना है निरन्तर
शब्द की अनुगूँज को
निरन्तर महसूस करना
भावावेग में व्याकुल रहना
एक सधी चाल में सीधे चलना
अपने सपनों में
उठना-बैठना
एक मदहोशी-सी बनी रहना
हर एक आवाज़ को सुनते रहना
पास रहकर भी कहीं
दूर चले जाना
दूर खड़े पेड़ों से बतिया आना

रचना है निरन्तर
अपने भीतर और बाहर को सुनना
हर कही बात को गुनते रहना
एक जुनून-सा चढ़े रहना
प्रेम की पीर को पीते रहना
कभी उड़कर
कभी गिरकर
कभी सोकर
कभी खोकर
एक एहसास में तपते रहना
एक ऊहापोह में फँसकर
बाहर आना
एक बनी बात का बिगड़ जाना
एक बिगड़ी बात का सँवर जाना
जो भी हो
जैसा भी हो
रचना है निरन्तर
कि रचना ही बचना है
भारत यायावर
About the poet

भारत यायावर

View profile & all 49 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like