काँटेदार चौहद्दी से घिरी ज़मीन पर
इस बार भी
कपास के फूलों को
खिलखिलाकर हँसना था
लेकिन उसे रौंद रहे हैं ट्रकों के पहिए
विशाल यंत्रों के जबड़े
गड़ा रहे हैं अपने नुकीले दाँत
बन रही बिल्डिंगों की नींव
धरती की आत्मा तक उतर गई है
तार-तार होने को है आसमान
और बादल भी केवल रस्म-अदायगी के लिए
थोड़ा बरस कर
अनजान यात्रा पर निकल पड़े हैं
पिछली कटाई के भटके हुए दाने
थोड़ी नमी पाकर
सिर उठाते ही हैं
कि उन पर गिर पड़ता है
गिट्टियों का ढेर
ज़मीन के इस टुकड़े पर भी
भव्यता के थमाए हुए बीज बो दिए गए हैं
आने वाले दिनों में यहाँ
अजनबीयत की फ़सल उगेगी
मोबाइल के रिंगटोन ही गाएँगे
मधुर गीत और लोरियाँ
बेदख़ल लोगों की अवसन्न आँखों के ठीक सामने
खड़ा हो रहा है
नई इमारतों का संजाल,
यह कहता हुआ कि
कीड़ों-मकोड़ों,
हट जाओ चुपचाप
यह दुनिया हमारे लिए बनी है!








