पराजित भाषा-विमर्श - बसंत त्रिपाठी

बसंत त्रिपाठीबसंत त्रिपाठी25 Sept 1972

4 min read · 12.4K reads

हजार आँखों से देखी गई हिंसा
और एक बेचारी जीभ
अब वह स्वाद से पीछा छुड़ाए
तो कहे कुछ
और कहे भी कैसे
जो भाषा उसे आती है
बुद्धि-विलासियों के लिए उसका मूल्य
दो कौड़ी भी नहीं

उजली कल्पना के पाथर पंखों की पीठ पर सवार
शब्दों को सितार की तरह बजाती
च्युंगम की तरह चबाती
बेचारी पराजित जीभ
जब निकलती है सड़कों पर कुछ कहने
कितनी नंगी जान पड़ती है

हमारे सुचिंतित विचारवान
चिंता के ढोंग में रंग बदलते सुधीजन
जीभ की विवशता नहीं देखते
देखते बस उसका अप्रभावी होना

धन्य है प्रभो!
यह किसी पराजित भाषा में ही संभव है
कि बोलने वाले अपराधी
और न सुनने वाले बाइज्जत बरी!
बसंत त्रिपाठी
About the poet

बसंत त्रिपाठी

View profile & all 56 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like