करतब - बसंत त्रिपाठी

बसंत त्रिपाठीबसंत त्रिपाठी25 Sept 1972

5 min read · 12.4K reads

जगमगाते धमकाते शहर के
सीलन भरे अँधेरों से निकलकर
जो लोग बिखर जाते हैं शहर में
उनके लिए जीना एक करतब है
तनी रस्सियों पर बिना बाँस के
संतुलन साधने का करतब

दौड़ते हैं दिन-दिन भर
बरसते दिन और चिलचिलाती धूप में भी
खींचते हैं रिक्शा, हाथठेला
जूते सिलते चमकाते
बस एक लाल गमछे के सहारे
निकल आते सैंतालिस डिग्री गर्मी बरसाते
सूरज के ऐन सामने

छायादार जितने पेड़
कि जिनके नीचे खड़े होकर
फाँकी जा सकती थी थोड़ी-सी छाया
उखाड़ फेंके गए
चौड़ी सड़क की योजनाओं के चलते

आखिर किसके लिए बिछाई गई हैं
ये कोलतार की फिसलती हुई सड़कें?

वे जो तनी रस्सी पर चल रहे हैं
सड़कों से हकाल दिए गए हैं
किनारे अपने थके पैरों

और गाटर लगी पहियों वाली साइकिलों पर सवार
ऐसे चलते हैं
जैसे गुजरी शताब्दी के निरपराध कैदी

बिला शक यह चमचमाता शहर है
इसमें तनी रस्सियों पर करतब दिखाने वालों की चीखें
बाकायदा शामिल हैं
और दिक्कत यह कि इसे
सब जानते हैं
पर कहता कोई नहीं है
बसंत त्रिपाठी
About the poet

बसंत त्रिपाठी

View profile & all 56 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like