उन का या अपना तमाशा देखो - बाक़ी सिद्दीक़ी

बाक़ी सिद्दीक़ीबाक़ी सिद्दीक़ी

5 min read · 12.4K reads

उन का या अपना तमाशा देखो
जो दिखाता है ज़माना देखो

वक़्त के पास हैं कुछ तस्वीरें
कोई डूबा है कि उभरा देखो

रंग साहिल का निखर आएगा
दो घड़ी जानिब-ए-दरिया देखो

तिलमिला उठ्ठा घना सन्नाटा
फिर कोई नींद से चौंका देखो

हम-सफ़र ग़ैर हुए जाते हैं
फ़ासला रह गया कितना देखो

बर्फ़ हो जाता है सदियों का लहू
एक ठहरा हुआ लम्हा देखो

रंग उड़ते हैं तबस्सुम की तरह
आइना-ख़ानों का दावा देखो

दिल की बिगड़ी हुई सूरत है यहाँ
अब कोई और ख़राबा देखो

या किसी पर्दे में गुम हो जाओ
या उठा कर कोई पर्दा देखो

दोस्ती ख़ून-ए-जिगर चाहती है
काम मुश्किल है तो रस्ता देखो

सादा काग़ज़ की तरह दिल चुप है
हासिल रंग-ए-तमन्ना देखो

यही तस्कीन की सूरत है तो फिर
चार दिन ग़म को भी अपना देखा

ग़म-गुसारों का सहारा कब तक
ख़ुद पे भी कर के भरोसा देखो

अपनी नियत पे न जाओ ‘बाक़ी’
रूख़ ज़माने की हवा का देखो
बाक़ी सिद्दीक़ी
About the poet

बाक़ी सिद्दीक़ी

View profile & all 4 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like