हम अनिकेतन, हम अनिकेतन
हम तो रमते राम, हमारा क्या घर? क्या दर? कैसा वेतन?
हम अनिकेतन, हम अनिकेतन।
एक
अब तक इतनी यों ही काटी,
अब क्या सीखें नव परिपाटी?
कौन बनाए आज घरौंदा
हाथों चुन-चुन कंकड़, माटी
ठाट फ़कीराना है अपना, बाघंबर सोहे अपने तन,
हम अनिकेतन, हम अनिकेतन।
दो
देखे महल, झोंपड़े देखे,
देखे हास–विलास मज़े के,
संग्रह के विग्रह सब देखे,
जँचे नहीं कुछ अपने लेखे,
लालच लगा कभी, पर, हिय में मच न सका शोणित-उद्वेलन,
हम अनिकेतन, हम अनिकेतन।
तीन
हम जो भटके अब तक दर-दर
अब क्या ख़ाक बनाएँगे घर?
हमने देखा : सदन बने हैं,
लोगों का अपना-पन लेकर;
हम क्यों सनें ईंट-गारे में? हम क्यों बने व्यर्थ में बेमन?
हम अनिकेतन, हम अनिकेतन।
चार
ठहरे अगर किसी के दर पर
कुछ शरमा कर, कुछ सकुचाकर
तो दरबान कह उठा—बाबा,
आगे जा : देखो कोई घर।
हम दाता बन कर बिचरे; पर हमें भिक्षु समझे जग के जन,
हम अनिकेतन, हम अनिकेतन।








