वृन्त-वृन्त फूल खिले गंध के अभाव में! - बलबीर सिंह रंग

बलबीर सिंह रंगबलबीर सिंह रंग14 Sept 1919 – 8 Sept 1984

3 min read · 12.4K reads

वृन्त-वृन्त फूल खिले गंध के अभाव में!
गजरे नहीं हैं,
दर्शनीय गुलदस्ते हैं;
ऊपर से मँहगे,
पर भीतर से सस्ते हैं।

भृंग-भृंग गूँजे मकरन्द के अभाव में!
वृन्त-वृन्त फूल खिले गंध के अभाव में!!

घाट-घाट तर्पण है,
अभिनन्दन ग्रन्थों का;
मंदिर की चोरी में,
हाथ है महन्तों का।

अंग-अंग आतुर आनन्द के अभाव में!
वृन्त-वृन्त फूल खिले गंध के अभाव में!!

स्वर के संविधान द्वारा,
बंदी संगीत है;
लय का निर्वाचन है,
प्रलय मनोनीत है।

शब्द-शब्द गीत रचे छन्द के अभाव में!
वृन्त-वृन्त फूल खिले गंध के अभाव में!!
बलबीर सिंह रंग
About the poet

बलबीर सिंह रंग

View profile & all 147 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like