ज़माना आ गया - बलबीर सिंह रंग

बलबीर सिंह रंगबलबीर सिंह रंग14 Sept 1919 – 8 Sept 1984

3 min read · 12.4K reads

ज़माना आ गया रुसवाइयों तक तुम नहीं आए ।
जवानी आ गई तनहाइयों तक तुम नहीं आए ।।

धरा पर थम गई आँधी, गगन में काँपती बिजली,
घटाएँ आ गईं अमराइयों तक तुम नहीं आए ।

नदी के हाथ निर्झर की मिली पाती समंदर को,
सतह भी आ गई गहराइयों तक तुम नहीं आए ।

किसी को देखते ही आपका आभास होता है,
निगाहें आ गईं परछाइयों तक तुम नहीं आए ।

समापन हो गया नभ में सितारों की सभाओं का,
उदासी आ गई अंगड़ाइयों तक तुम नहीं आए ।

न शम्मअ है न परवाने हैं ये क्या रंग है महफ़िल,
कि मातम आ गया शहनाइयों तक तुम नहीं आए ।
बलबीर सिंह रंग
About the poet

बलबीर सिंह रंग

View profile & all 147 Poems / Stories