वजूद को लेकर संशय है
उभर रहा है जीवन प्रतिबिंब पर
आ रही है अनंत से
समूची मानवता की गंध
टकरा रही भीतर अमूर्त हिस्से से
परिकल्पना हमारे दिमाग़ से उतर कर
सीधे हाथों में आ गई है
जो अब अर्थवयस्था का हिस्सा बनते हुए
छूट रही है हाथों से
एक लय लगातार पिघलते शीशे की तरह
उतर रही है
और हम सुनें उसके पीछे की आवाज़
इस तरह की इच्छाएँ नहीं हैं।
कई पदार्थ हमारे भीतर ऐसे दाख़िल हो रहे हैं
जिनके लिए हमारी तत्परता
वीभत्सता से भी आगे पहुँच रही है
जिसमें छुपा जीवन
एक बेहद ख़राब मौत पैदा करता है
जीवन की गंध फैलती है
सन्नाटे में उतरती हुई।








