दुलारी धिया

बद्री नारायणबद्री नारायण5 Oct 1965

1 min read · 12.4K reads

पी के घर जाओगी दुलारी धिया

लाल पालकी में बैठ चुक्के-मुक्के

सपनों का ख़ूब सघन गुच्छा

भुइया में रखोगी पाँव

महावर रचे

धीरे-धीरे उतरोगी

सोने की थारी में जेवनार—दुलारी धिया

पोंछा बन

दिन भर फ़र्श पर फिराई जाओगी

कछारी जाओगी पाट पर

सूती साड़ी की तरह

पी से नैना ना मिला पाओगी दुलारी धिया

दुलारी धिया

छूट जाएँगी सखियाँ-सलेहरें

उड़ासकर अलगनी पर टाँग दी जाओगी

पी घर में राज करोगी दुलारी धिया

दुलारी धिया, दिन भर

धान उसीनने की हँड़िया बन

चौमुँहे चूल्हे पर धीकोगी

अकेले में कहीं छुप के

मैके की याद में दो-चार धार फोड़ीग

सास-ससुर के पाँव धो पीना, दुलारी धिया

बाबा ने पूरब में ढूँढ़ा

पश्चिम में ढूँढ़ा

तब जाके मिला है तेरे जोग घर

ताले में कई-कई दिनों तक

बंद कर दी जाओगी, दुलारी धिया

पूरे मौसम लकड़ी की ढेंकी बन

कूटोगी धान

पुरईन के पात पर पली-बढ़ी दुलारी धिया

पी-घर से निकलोगी

दहेज की लाल रंथी पर

चित्तान लेटे

खोइछे में बाँध देगी

सास-सुहागिन, सवा सेर चावल

हरदी का टूसा

दूब

पी-घी को न बिसराना, दुलारी धिया।

बद्री नारायण
About the poet

बद्री नारायण

सुपरिचित कवि-विचारक। साहित्य अकादेमी पुरस्कार से सम्मानित। मूल नाम : बद्री नारायण जन्म : 05/10/1965

View profile & all 39 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like