एक फूल, फूलन-सी

बच्चा लाल 'उन्मेष'बच्चा लाल 'उन्मेष'

1 min read · 12.4K reads

उसका कहना है कि वही औरत शरीफ़ होती है

रहती घूँघट में, पहचान जिसकी शौहर से होती है

उससे कह दो शरीफ़ तो शरीफ़ ही होती है

पहचान असल में उड़ान और पर से होती है

उसका कहना है उसकी पूजा जग में होती है

जिसकी ज़ुबान पुरुषों के हद में होती है

उससे कह दो तो ख़ुद को भी पुजवा ले इस तरह

फिर महसूस होगा, आज़ादी किस ज़द में होती है

उसका कहना है कि अच्छी औरत पकड़ में होती है

रात बिस्तर और दिन भर जो घर में होती है

उससे कह दो हुकूमत के दिन अब लद ही गए

फूल, फूलन है अब, गमलों में नहीं, बीहड़ में होती है

उसका कहना है कि नारी वही जो नरम होती है

जिसका गहना ही लाज-लज्जा, सरम होती है

उससे कह दो-क्या ये ठेका सिर्फ़ हमने लिया?

इस बेहयाई के ख़िलाफ़ तो नारी रण में होती है।

बच्चा लाल 'उन्मेष'
About the poet

बच्चा लाल 'उन्मेष'

सुपरिचित कवि। 'कौन जात हो भाई', 'छिछले प्रश्न गहरे उत्तर' और 'बहार के पतझड़' शीर्षक से तीन कविता-संग्रह प्रकाशित।

View profile & all 35 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like