हम अक्सर
एक दूसरे के सामने बैठे
अज्ञात लिपि में
संवाद-मौन-संवाद-देह-मौन-संवाद
के सागर में डूबते जाते हैं
कोई पूछे कि क्या बातें करते हो तुम दोनों
तुम कहना कि 'बस यूँ ही, हो जाती हैं'
एक बात से दूसरी, दूसरे से फिर तीसरी
ऐसे चलता रहता है निरंतर-अनवरत
मौखिक, दैहिक, स्वप्निल
राह चलते, घर बैठे, नींद में खोए
वार्तालाप
हमारी लिपि में बँधी साँसें
एक लंबे अंतराल में चलती हैं
हर साँस आने वाली साँस को न्योता हैं
कि आओ, देखो और अपने भीतर समाहित कर लो
वह सब कुछ जो इस देह ने अपने ऊपर जड़ा है
इन्हीं अंतरालों, इंतिज़ारों, छूटी साँसों, ग़ायब हृदय-धड़कनों,
भूले आलिंगनों, याद आती झिड़कियों, टप टप करती चपड़ चू,
तपते बदनों की गर्मास में, हर पल अटकते मौन में,
प्रेम की लिपि गढ़ी जाती है।
लिपि उत्कृष्ट अभिव्यक्ति की वाहन है।








