सपने - अविनाश

अविनाशअविनाश

5 min read · 12.4K reads

अजीब है सपनों की बातें
कुछ होते हैं हाथ की पहुंच में
और लगते हैं इतने दूर
कि सिर्फ आह भरी जा सके

कुछ होते ही हैं ख्याली पुलाव
जो दरअसल हकीक़त में कहीं नहीं होते

कुछ पर कब्ज़ा होता है ऐसी प्रतिभाओं का
जो साधारण लोग कभी पा ही नहीं सकते

जिनकी आंखें सीधी देखती हों
क्या वे कभी चमक सकती हैं?

जिनके क़दम सीधे चलते हों
क्या वे कभी डगमगा सकते हैं?

जो उतना ही खाते हैं जितनी पेट में जगह
क्या दूसरों का अन्न मार सकते हैं?

प्रतिभा का मतलब यही तो नहीं कि आप दुनिया को सही सही समझ सकें!
बुजुर्गों के लिए बस में खड़े हो सकें!
दंगों के बीच जलते हुए शहर में इंसानियत का पानी छिड़क सकें!
और मरते हुए देश के लिए एक दिन का अनशन रख सकें!

दफ्तर में साहेब होंगे तभी जब रिश्‍वत के खेल में हों माहिर
पर्दे पर सितारे होंगे तभी जब टेंट में पैसे हों अफरात
देश में प्रधानमंत्री होंगे तभी जब शातिर पार्टियों के घिनौने राज छाती में हों दफन

वरना सपने देखने के लिए होते हैं
तसल्ली से देखें
कोई रोकता थोड़े ही न है...!
अविनाश
About the poet

अविनाश

View profile & all 34 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like