कवि मित्र जो कहें सो कहें - अविनाश

अविनाशअविनाश

8 min read · 12.4K reads

हमारे पास है पृथ्वी जितना मन
पेड़ पौधे अनंत
नदी में बहते हुए मिट्टी के अनगिनत कण
समंदर का खारा पानी
जहां जहां गयी यह देह वहां वहां घूमा मन
सबसे ज्यादा रहा एक कस्बे में
उससे थोड़ा कम दिन
पटना में गंगा किनारे रात बिरात
यहीं चढ़ीं वो गालियां जुबान पर
जो मुल्क के सत्तर फीसदी समाज में बोली भुनभुनायी जाती हैं
लेकिन कविता के चैराहे पर आकर
हमारी भाषा संपादित हो जाती है

कविता में एक अच्छा आदमी बनने की होड़ में हैं हमारे कवि

दस लोगों के बीच सबसे अधिक गैर मनुष्‍य
अपने गांव में श्रमविहीन अन्न की कश्‍ती पर सवार
वे पार करना चाहते हैं इतिहास की सरहद
एक लघुपत्रिका में उन्होंने पढ़ा-
कविता इतिहास से अधिक मूल्यवान है, शाश्‍वत है
उन्हें संतोष है- कविता का उनका इतिहास
इसी विचार की बुनियाद पर लिखा जाएगा

वे सचिवालय में घूस लेंगे
ट्रेन का टिकट लेंगे तो इस डर से कि कहीं टीटी पकड़ न ले
जुलूस में शामिल होंगे कि उन्हें क्रांति की कतार का कवि माना जाए
और एक रिक्‍शे वाले से पांच रुपये के लिए गाली-गलौज करेंगे

लेकिन कविता के एकांत में उनका हृदय पिघल जाएगा
वे मनुष्‍यता के गीत लिखेंगे
दयित्व की कड़ियां जोड़ेंगे
दया के छंद रचेंगे

श्रोता समाज आंखों में पानी भर भर कहेगा- वाह!

मैं भी होना चाहता हूं कवि
कविता में बड़ा नाम है
लेकिन सम्पादक बैरंग वापिस कर देते हैं कविता के लिफाफे
मैं दुखी होकर गाली देता हूं
और मुल्क के सत्तर फीसदी समाज में शामिल हो जाता हूं

यहां कितना संतोष है!
संताप मिटाने वाले सैकड़ों रिश्‍ते!

मैं कविता की रेत पर रचना चाहता हूं ढेर सारी गाली
कवि मित्र जो कहें सो कहें!
अविनाश
About the poet

अविनाश

View profile & all 34 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like