नवसंदेश-रासक

अविनाश मिश्रअविनाश मिश्र

1 min read · 12.4K reads

 

संदेश-रासककार अद्दहमाण (अब्दुल रहमान) के प्रति कृतज्ञतापूर्वक

नवसंदेश-रासक

[ प्रथम प्रक्रम ]

वर्षावास : परम्परा 

हे परस्परविरुद्धो,
सुच्छंद-छद्ममय-रहित 
समूल और निर्मूल 
सूक्ष्म और स्थूल
सुंदर और कुरूप 
अनुलोम और प्रतिलोम 
मूक और वाचाल  
सब होकर देख चुकी हूँ—
महत्त्वकांक्षा से मुक्ति नहीं।

चाहती हूँ बरस जाना—
दुःख पर दुःख लेकर 
बरसती हूँ
खुलता नहीं आकाश,
न संदेह।

पंक में पंकज पर
स्थिर जल-बूँद-सी—अस्थिर 
दमन की प्रतीक बन 
झूलती हूँ
फिर-फिर झू-ल-ती हूँ...

विस्तीर्ण हूँ बहुत मैं 
कुकवित्त के लिए भी स्थल हैं—
मुझ में 
तू इस स्थल में ही रह 
पर रह
मुझ में रह
—विद्वता और मूढ़ता—
दोनों ही से बच कर 
र-ह।    

मैंने अन्यमनस्कता के साथ कविताएँ लिखीं,
अन्यमनस्कता मेरी समकालीन थी      

[ द्वितीय प्रक्रम ]

विरहायण : स्थिति 

असह्य है आषाढ़—
विरहिणी ही जानती है यह 
कभी-कभी विरही भी—
प्रत्येक व्यक्ति-विवेक नहीं, 
प्रत्येक काल में—
विरह और विरति।

सँदेसे अब संदेश-से रहे नहीं!
नहीं रहे!

मेरे कष्ट को नष्ट किया उसने,
उसे कष्ट देते ही नष्ट हुआ मैं  

[ तृतीय प्रक्रम ]

ऋतुवर्णन : प्रसंग 

विगत गर्मियों से विकट गर्मियाँ गईं
वर्षा में न स्नेह बरसा 
शरद दरद-सा
हेमंत पंथविहीन 
विगत सर्दियों से विकट सर्दियाँ गईं 
वसंत कंतविहीन!

मैं 
राह में रहा
उत्पात-सा 
रात-सा—सवेरा (है)
प्रसंगभ्रष्ट सब वैभव मेरा 

                         
अविनाश मिश्र
About the poet

अविनाश मिश्र

View profile & all 64 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like