जा तुझको सुखी संसार मिले

अविनाश मिश्रअविनाश मिश्र

1 min read · 12.4K reads

लड़कियाँ वहाँ एक अजीब उधेड़बुन में रहती थीं

जब पिता धावक में बदल जाते थे

और माँएँ एक बहुत बड़े आईने में

पिता लड़कियों की तस्वीरें लेकर

देर रात तक भागते रहते थे

वे उनके लिए आनंददाताओं की तलाश में थे

अब तक जैसा होता आया था

उसमें सबके एक-एक आनंददाता थे

बावजूद इसके ज़िंदगानियाँ रुआँसी ही रही आईं

जब भी वक़्त मिला या संग-साथ वे रो पड़ीं

वे तनाव में थीं और देखने पर झुक जाती थीं

आँखें उनमें न देखने का सदाचार जीती थीं

एक अक्षत असमंजस में

विरह या संयोग जैसा वहाँ कुछ नहीं था

स्त्रीत्व बस एक क्रम था

विवाह बस एक विकल्प

प्रेम बस एक शब्द

यात्राएँ बस एक विवशता

और हत्याएँ बस एक औपचारिकता

जहाँ वे रहती थीं एक अजीब उधेड़बुन में

अविनाश मिश्र
About the poet

अविनाश मिश्र

View profile & all 64 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like