गणमान्य तुम्हारी...

अविनाश मिश्रअविनाश मिश्र

1 min read · 12.4K reads

वह बीस वर्षों से दीप प्रज्ज्वलन की दुनिया में है

और इस दरमियान वह क़रीब बीस हज़ार बार दीप प्रज्ज्वलित कर चुका है

इस एकरसता में एक सरसता अनुभव करता हुआ

वह सुरक्षा कारणों से अब तक टमाटरों, अंडों, जूतों, पत्थरों, थप्पड़ों

और गोलियों से तो दूर है लेकिन गालियों से नहीं

एक सघन हाशिए से लगातार सुनाई दे रही गालियों के बरअक्स

वह है कि दीप पर दीप जलाता जा रहा है

इस उत्सवरतक्षतमदमस्त वक़्त में

इतनी संस्कृतियाँ हैं इतनी समितियाँ हैं इतनी बदतमीज़ियाँ हैं

कि उसे बुलाती ही रहती हैं अवसरानवसर दीप प्रज्ज्वलन के लिए

और वह भी है कि सब आग्रहों को आश्वस्त करता हुआ

प्रगट होता ही रहता है

एक प्रदीर्घ और अक्षत तम में ज्योतिर्मय बन उतरता हुआ

लेकिन तम है कि कम नहीं होता

और शालें हैं कि वे इतनी इकट्ठा हो जाती हैं

कि अगर करोलबाग़ का एक व्यवसायी टच में न हो

तब वह गोल्फ़ लिंक वाली कोठी देखते-देखते गोडाउन में बदल जाए

गाहे-बगाहे उसे बेहद ज़ोर से लगता है

कि वे शालें ही लौट-लौटकर आ रही हैं

जो पहले भी कई बार उसके कंधों पर डाली जा चुकी हैं

क्योंकि ठिठुरन से हुई मौतें हैं कि थम ही नहीं रहीं इस दुनिया में

इतनी-इतनी सारी शालों के बावजूद

वे एक उम्र के असंख्य पाँच मिनट

वे इतनी गणेश और सरस्वती वंदनाएँ

वे इतने सत्कार

वे इतने दो शब्द

वे इतनी बार माइक से ग़ायब होती हुई आवाज़ें

वे इतने चेहरे

वे इतनी तालियाँ और गालियाँ... गालियाँ... गालियाँ...

इसे शर्म कहें या सरमाया ये सब कुछ भी हासिल है उसे

एक वातानुकूलित और मधुमेहपीड़ित जीवन में

अविनाश मिश्र
About the poet

अविनाश मिश्र

View profile & all 64 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like