चंद्रमोहन की शादी हो गई और दो बच्चे भी और इस होने में चंद्रमोहन मर भी गया। सामाजिकताएँ प्राय: नैरंतर्य में कुछ भिन्न होने पर उसके सूत्र तलाशने के लिए बाध्य हैं। चंद्रमोहन के सामाजिक नैरंतर्य में उसका मर जाना कुछ भिन्न है। चंद्रमोहन अकेले सोने से ऊब गया था नतीजतन उसने शादी कर ली नतीजतन बच्चे हुए नतीजतन चंद्रमोहन का जीवन सर्वथा सामान्य होता चला गया। चंद्रमोहन संभवतः रचनात्मक था और वह एक ऐसे समय में था जब रचना से सामान्यता विलुप्त होती जा रही थी। समय के साथ होने के लिए चंद्रमोहन ने आत्मघात किया क्योंकि जीवन जो सामान्य हो गया था उसकी ही रचना था।
चंद्रमोहन अब नहीं है यह एक सर्वमान्य तथ्य है और अब चंद्रमोहन के बीवी और बच्चों को मैं पाल रहा हूँ यह एक सर्वमान्य रस। जीवन की संकुचित अवधारणाओं के विराट पैनेपन में यह भाषा वर्जित और अव्यावहारिक हो सकती है लेकिन जब बच्चे मर रहे हों तब माँ से अवैध संबंध बना लेने में कोई बुराई नहीं है।
ऐसी हास्यास्पद स्थितियों के ज़ाहिर वैभव में चंद्रमोहन की बीवी मेरी रखैल है और उसके बच्चे मेरे ग़ुलाम। रखैलों और ग़ुलामों के ईश्वर बहुत अजीब होते हैं। मैं जानता हूँ कि वे मेरे विरुद्ध अदृश्यताओं के सम्मुख प्रार्थनारत हैं। लेकिन फ़िलहाल मैं ईश्वर की तरह ही ताक़तवर हूँ और इसलिए वह मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकता। लेकिन एक दिन मैं ताक़तवर नहीं रहूँगा। तब चंद्रमोहन के बच्चे ताक़तवर होंगे और ईश्वर के न्याय और मध्यस्थता दोनों को ही नकारकर मुझे सज़ा देंगे। यह अलग बात है कि माँएँ सामान्यत: बच्चों को हिंसा की इजाज़त नहीं देतीं।








