आफ़्टर थर्ड बेल

अविनाश मिश्रअविनाश मिश्र

1 min read · 12.4K reads

वे अभिवादन में झुकते थे

जबकि इतना निर्जन हुआ करता था सभागार

कि वे लगभग ख़ुद के लिए ही खेल रहे होते थे

एक विराट ख़ालीपन था और उसमें एक मध्यांतर भी

जहाँ वे सतत प्रस्तुति के पूर्वाभ्यास में ही रहते थे

सृष्टि के सबसे प्राचीनतम नाट्य-सिद्धांतों और उनमें समाहित

प्रार्थनाएँ, संभावनाएँ, प्रक्रियाएँ, लक्ष्य और निष्कर्ष

सब कुछ को मंच पर संभव करते थे वे

एक समय में एक नगर के एक सरल नागरिकशास्त्र से बचकर

स्वयं को आश्चर्यों और कल्पनालोक के

वृहत्तर परिवेश में रद्द करते हुए

वे बहुत-बहुत दुर्लभ थे

मैं नींद में चलते हुए पहुँचता था

उनकी प्रस्तुतियों के अंधकार में

जहाँ अभिनय वास्तविक हो उठता था

और वास्तविकताएँ अश्लील

वे अपने निर्धारित समय से बहुत पीछे होने के दर्प में थे

यह उनका प्रतिभाष्य था एक वाचाल समय के विरुद्ध

जहाँ नाटकीयता अर्जित नहीं करनी पड़ती थी

वह जीवन में ही थी अन्य महत्त्वपूर्ण वास्तविकताओं की तरह

अविनाश मिश्र
About the poet

अविनाश मिश्र

View profile & all 64 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like