वसंत में इस बार

अवधेश कुमारअवधेश कुमार

1 min read · 12.4K reads

पत्तियाँ बाधाएँ हैं

हिलती हुए बाधाएँ

हवा के लिए बेमानी!

पेड़ स्वीकारोक्तियाँ हैं

अविचल

ज़मीन की जीभ पर

इस वसंत के स्वाद की

पिछसे वसंत की याद की

और भविष्य की संभावनाएँ हैं

मोटर बाधाएँ हैं

चलती धुआँ उगलती बाधाएँ

आदमी बाधा है

एक ज़िंदा बाधा

उस वसंत के लिए

वसंत एक महीन उदास कूक-सा

भटकता हुआ

मेरी स्मृतियों के सघन उजाड़ में

विदा के काँपते हुए हाथ-सा

बहुत उतावला और ग़मगीन

एक साथ।

एक फूल हल्का-सा मुरझाया-सा

खिला हुआ

खिलखिलाते फूलों के बीच

बहुत सारी ख़ुशियों के बीच

एक कम ख़ुशी जैसा

ख़ुशनुमा और चुप्पा एक साथ

वसंत के दृश्य दबाव डालते हैं

चारों तरफ़ से मुझ पर

वे एक क़दम आगे

बढ़ा कर अपना पैर

उतरते हैं मेरी आँखों में

फिर घबरा कर

अपने पैर

वापस खीच लेते हैं

वसंत में।

अवधेश कुमार
About the poet

अवधेश कुमार

View profile & all 27 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like