लड़की ने फूल चुने
बाग़ का सोया दिल
बाग़-बाग़ हो गया
सुबह से शाम तक
गंध उड़ती रही
धूसर आकाश में
घुटे हुए स्वप्न को
जैसे कोई हिलोर
मिल गई हो
हवा में
उड़ता हुआ अपने कथा-विस्मय के
आत्ममुग्ध झंकृत संगीत में
अंचल से अंचल तक
उलट-पुलट झाँकता रहा
जड़ित
स्पंदनरहित कुछ
स्वप्नों के बाहर
एक नीली हरी झील थी
आग में लिपटी हुई
कोठरी में का दिया उसे जानता नहीं था
कमल उसके बेतहाशा जल उठे थे
पहाड़ों के आँखों में
श्वेत ही श्वेत था
स्याह पुतलियों की इंतज़ार में
मैली राख होता हुआ
लड़की का जिस्म
ख़ून से तर-ब-तर
झील के पानी की सतह पर आया
तो बार-बार दोहराई गई वारदात को
वहीं डूब मरने का इंतज़ार था
केसर की पत्तियाँ कफ़न की भूमिका में आ चुकी थीं
कोई इतिहास था पाप के पंक में लिपटा हुआ
इब्न-ए-शरीफ़ हो चुका था...








