बोलते ही रहते हैं
झूठ
कई-कई तरह के
और पता भी नहीं चलता
कब बोल गए झूठ
चलता भी होगा शायद
ज़रा-सा अटकती होगी
फर्राटे से दौड़ती हुई ज़ुबान जब
रुकते ही
और दूनी तेज़ी से दौड़-दौड़ जाती होगी
आँखें तो एकदम हैरान करती हैं जब
हँसती-खिलती
खेलती खेल
बोल रही होती हैं
भीतर वह
दुबका हुआ
ज़िबह हुआ जाता है
मुहावरे की तरह जैसे
काटो तो ख़ून नहीं
कहते ही सच तुम
देश
खो देते हो
समय में यकायक
रुका हुआ श्वास
फिर साँस जब आती है
तुम लुट चुके होते हो
कैसे तुमने कहा वह
जो मैंने नहीं सुना
तुम ख़ुश हो गईं
और कैसे मैंने कहा
जिसे ख़ुद मैंने नहीं सुना
और तुम ख़ुश हो गईं
पता था दोनों को
जैसे पता होती है
पते की बात…








