हिलती हुई धुँध की
तैरती परतों के
बदलते इस दृश्य में
है कुछ है
जो देख रहा है
और दिखा रहा है
पीछे या कि आगे
दृश्य में दृश्य को दृश्य से परे
ज़िंदगी में से खिसकती-सी
ज़िंदगी तक आती हुई
मौत-सा मुलायम
कि मुलायम-सी मौत-सा
दिव्य और उदार
सोते में जगता हुआ
जैसे जगता हुआ सोता
बार-बार
उभरते पहाड़ों की तरह ठंडा
ठार
ठोस
ऊँचाइयों में सफ़ेद
पत्थरों में दौड़ता तप्त
टापों की तरह
कोई तना हुआ घोड़ा
थिरता चट्टानों में
घिरता कभी ओझल
होकर उछलता
फैलता
सिकुड़ता
जलधार की छाती पर
धुएँ के साथ साथ
बँधता हुआ मन बँधाता उन्हें
जो बाँध रहे हैं देह में बाँध देह से परे के
एक दूसरे के बीच
गुम
धरती आकाश!








