देख रहा हूँ
और साफ़-सुथरे पानी में
गिरते हुए मैले
तरल
पदार्थ के घुलने जैसा देख रहा हूँ
घटनाएँ
अपने ख़ौफ़नाक
बीहड़ रंगों में
उछल-उछल कर
भोले आकारों को कुचल रही हैं
ज़्यादा देर नहीं है
अधूरे बने चित्रों के
पूरा रौंदे जाने में
अभी आप देखेंगे
कैसे
कोई यकायक
हरी साफ़ घास पर
हलके नरम पैरों से भी
रोज़ चल-चल कर
अपने पीछे धरती का ख़ाली विवश हिस्सा
बूचा
छोड़ जाता है
कई बार जहाँ फिर उभर आया करती हैं
रौंदी हुई ज़मीन को
आकार कुछ देती हुईं
दूर तक जातीं
टेढ़ी पगडंडियाँ
लोग इन्हें आसान
छोटे जल्द रास्तों–सा
अक्सर अपने इस्तेमाल में
लाते देखे गए हैं!








