नींद के शरीर में
एक स्त्री की आत्मा चली गई है
वह ख़ुद नहीं सोती
उसे सुलाना पड़ता है
सुलाते-सुलाते ही तुम्हें नींद आती है
तुम अपनी लाश के सिरहाने बैठे
जितनी कितनी देर
हथेलियों के पिंड पर
जल की बूँदों का आगमन देखते हो
उसका मंत्र-पाठ जारी रहता है
सोई हुई उसकी देह
खुलना खिड़कियों का
उजले निर्धूम आकाश की तरफ़
धागे विछिन्न
पार्थिव कथा के
खोया हुआ विश्राम कभी ऐसे भी मिलता है
ऐसे ही संभव हुआ करती हैं
दूसरे के साथ शुरू की हुईं
अकेली यात्राएँ!








